कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण

HR TIMES DIGITAL NEWS 
नरसिंहपुर संवाददाता प्रीतम रजक
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने गुरूवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सोनोग्राफी रूम, प्रसव पूर्व कक्ष, ओपीडी, एनआरसी, आईसीयू, ब्लड बैंक, ट्रामा सेंटर आदि की स्थिति को देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया।यहाँ सोनोग्राफी के लिये आई गर्भवती महिलाओं का मातृ एवं बाल सुरक्षा कार्ड देखा और उसमें गर्भवती महिला की प्रारंभ से लेकर अब तक हुई जाँचों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि डॉक्टर्स एवं नर्स द्वारा जब भी वार्ड में राउंड पर जायें, तो रिपोर्ट में मरीज की सारी जानकारी दर्ज हो। उन्होंने देवाकछार निवासी श्रीमती पुष्पा रजक से बातचीत की। उनकी रिपोर्ट देखने पर पाया कि उनका ब्लड टेस्ट तो हुआ है, किन्तु उसकी रिपोर्ट फाईल में संलग्न नहीं है। इस पर उन्होंने वार्ड प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रसुति सहायता एवं जननी सुरक्षा योजना का लाभ भी पात्र महिलाओं को दिलवाने निर्देश भी दिये।
इसके पश्चात कलेक्टर सुश्री बाफना ने एनआरसी पहुंचकर यहां भर्ती बच्चों को दिये जाने वाले नाश्ते एवं भोजन की जानकारी ली। उन्होंने एनआरसी में अपने बच्चे को लेकर आई श्रीमती चंचल चौधरी से भी चर्चा की। श्रीमती चंचल ने बातचीत के दौरान बताया कि उनके बच्चे का वजन कम था लेकिन एनआरसी में भर्ती करने के बाद यहां दिये जाने वाले पोषणयुक्त भोजन से बच्चे का वजन बढ़ा है। एनआरसी प्रभारी ने बताया कि अभी यहां 17 बच्चे भर्ती हैं। ब्लड बैंक के निरीक्षण में उन्होंने ब्लड बैंक प्रभारी को निर्देश दिये कि यहां पर उपलब्ध ब्लड यूनिट की स्पष्ट जानकारी प्रतिदिन बोर्ड पर लिखी हो। इसके अलावा दिव्यांग व्यक्तियों सर्टिफिकेट बनाने के लिए मेडिकल बोर्ड का दिवस व समय निर्धारित करें। मेडीकल बोर्ड के डॉक्टर्स का नाम और उनके कक्ष का भी स्पष्ट उल्लेख जांच पर्ची पर अनिवार्य रूप से हो।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. प्रदीप धाकड़, सिविल सर्जन डॉ. मुकेश जैन, अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद था।

Post a Comment

0 Comments